Chhattisgarh weather update Raipur Ambikapur cold heat: छत्तीसगढ़ में ठंड कम होने के साथ ही दिन और रात का तापमान बढ़ने लगा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री से 34 डिग्री के आसपास है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर सभी जगहों पर अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
दुर्ग में अभी रात में ठंड महसूस की जा रही है। यहां रात का तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। अंबिकापुर में सबसे कम रात का तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे यहां अच्छी ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 2 दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी। प्रदेश में मौसम साफ हो गया है। उत्तर से ठंडी हवा आने और समुद्र से नमी वाली हवा आने की स्थिति फिलहाल नहीं दिख रही है। शुष्क हवा के असर से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी।
बंगाल की खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी बंगाल की खाड़ी में किसी तरह का सिस्टम नहीं बन रहा है। इसके चलते आने वाले तीन-चार दिनों में मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी।
रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक
प्रदेश में सभी जगहों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। रात का तापमान 15.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज दिन का तापमान 32 डिग्री और रात का तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
अंबिकापुर में दिन का तापमान 6 डिग्री अधिक
एक तरफ अंबिकापुर में रात का तापमान सबसे कम 6.9 डिग्री है, लेकिन यहां दिन का तापमान औसत से करीब 6 डिग्री अधिक है। बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से अधिक था।