Pushpak Express Karnataka Sampark Kranti train accident: महाराष्ट्र के जलगांव में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा हुआ। परधाड़े रेलवे स्टेशन पर पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैली। घबराए यात्री ट्रेन से कूद पड़े। इसी बीच दूसरे ट्रैक पर आ रही कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ने कई यात्रियों को कुचल दिया। ट्रेन की चपेट में आने से 8-10 लोगों की मौत हो गई। करीब 40 लोग घायल हैं।
मध्य रेलवे के भुसावल डिवीजन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां एक तीखा मोड़ था। इस वजह से दूसरे ट्रैक पर बैठे यात्री ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं लगा पाए। यही वजह रही कि तेज रफ्तार कर्नाटक संपर्क क्रांति की चपेट में आकर इतनी बड़ी संख्या में लोग कुचल गए।

ब्रेक लगाने पर ट्रेन के पहियों से धुआं निकला। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12629 कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही थी। जबकि पुष्पक एक्सप्रेस (12533) लखनऊ से मुंबई जा रही थी।
खबरों के मुताबिक, ब्रेक लगाने पर पुष्पक एक्सप्रेस के पहियों से धुआं निकलने लगा। इसी वजह से ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। इस डर से लोग कोच से कूद पड़े।